चिकित्सा शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों की मिसाल बने छात्र समाज में सेवाएं और संवेदनशीलता का दिया संदेश, डॉ अमित गुप्ता, डॉ अपूर्वा एवं स्टाफ नर्स किरण सहित अन्य रहे उपस्थित,छात्रों की पहल वनी प्रेरक
सोनभद्र। किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए रक्त की एक-एक बूंद अनमोल होती है। इसी सेवा भावना को साकार करते हुए स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (एएसएमसी) सोनभद्र के 50 एमबीबीएस छात्रों ने शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में प्रतिभाग कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आईजेन भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में छात्रों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। प्राचार्य ने कहा कि चिकित्सा विद्यार्थियों का दायित्व केवल मरीजों का उपचार करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना भी है। रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। डॉ अमित गुप्ता ने कहा कि शिविर का उद्देश्य युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जरूरत के समय रक्त की कमी से मरीजों को परेशानी होती है। स्वस्थ युवाओं की भागीदारी कई जिंदगियां बचाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने रक्तदान को भय नहीं, बल्कि मानव सेवा का अवसर बताया। ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ मनोज कुमार यादव के निर्देशन में शिविर की व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान ‘रक्तदान करें, जीवन बचाएं’ जैसे संदेशों से लोगों को जागरूक किया गया।









