रैली के जरिए दिया सुरक्षा, सम्मान और समानता का संदेश, हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का लिया संकल्प
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा को समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज आर्या की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय अभियान “विश्व को नारंगी रंग में रंगें – महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा का अंत” के तहत किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, समानता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति से महिला हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हर प्रकार की हिंसा का विरोध करने तथा सुरक्षित और सम्मानजनक समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ऋतु अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति हिंसा केवल किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि हर महिला बिना किसी भय के आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीवन जी सके। उन्होंने लोगों से चुप्पी तोड़ने और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष वंदना वर्मा, उपाध्यक्ष पूजा अग्रहरी, क्लब सदस्य शिल्पी केसरी, प्रियंका केसरी, स्तुति अग्रहरी के साथ अनिता गुप्ता, बीना गुप्ता, ममता गुप्ता, अर्चना जायसवाल एवं रोशनी अग्रवाल उपस्थित रहीं।क्लब की ओर से संदेश दिया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए और उनके विरुद्ध हिंसा का हर स्तर पर विरोध किया जाना चाहिए।
Author: Pramod Gupta
Hello









