सोनभद्र (दुद्धी) नगर में करीब 48 करोड़ रुपये की पेयजल योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने का सर्वे गुरुवार से शुरू हुआ। योजना के तहत कनहर नदी से ठेमा नदी के फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद नगर के सभी वार्डों में घरों तक पानी की सप्लाई होगी। लखनऊ की कंपनी श्रम शक्ति इंटरप्राइजेज के सर्वेयर अरुण कुमार और अमरेश कुमार नगर के अलग अलग इलाकों में पाइपलाइन के संभावित रास्तों का सर्वे कर रहे हैं। कंपनी की टीम नगर का नक्शा और पाइपलाइन की डिजाइन तैयार करेगी। इसके आधार पर रिपोर्ट संबंधित कार्यदायी कंपनी को सौंपी जाएगी। जल निगम के टेंडर में यह काम गुजरात की एक कंपनी को मिला है। सर्वे में तय किया जाएगा कि पाइपलाइन किन रास्तों से गुजरेगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पानी पहुंच सके। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने बताया कि दुद्धी में गर्मी के साथ ही अन्य मौसमों में भी पानी की कमी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए शासन को पत्र लिखे गए और संबंधित विभागों के सामने भी बात रखी गई। लगातार प्रयास और प्रस्ताव के बाद करीब 48 करोड़ रुपये की पेयजल योजना आगे बढ़ी है। कमलेश मोहन ने कहा कि योजना पूरी होने के बाद नगरवासियों को पानी की कमी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
Author: Pramod Gupta
Hello









