November 26, 2026 9:08 pm

रेलवे ट्रैक किनारे मिली नवजात बालिका, चाइल्ड हेल्पलाइन ने सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल में कराया भर्ती

डायल 112 पुलिस के सहयोग से बचाई गई मासूम की जान, चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा उपचार

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम कुरा चुर्क में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही मासूम की सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई। डायल 112 पुलिस के सहयोग से टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नवजात बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए रॉबर्ट्सगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि एवं सुधा गिरि तथा डायल 112 की पुलिस टीम संयुक्त रूप से घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नवजात बालिका को रेलवे ट्रैक के किनारे से सुरक्षित निकालकर उसकी जान बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए। रेस्क्यू के बाद परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बालिका चिकित्सकों की देखरेख में है। इस संबंध में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने जनसामान्य से अपील की कि कहीं भी कोई नवजात शिशु अथवा बच्चा लावारिस, असुरक्षित या संकटपूर्ण परिस्थिति में दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति बच्चे का पालन-पोषण करने में असमर्थ है तो उसे असुरक्षित स्थान पर छोड़ने के बजाय बाल कल्याण समिति अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से वैधानिक संरक्षण प्राप्त करने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए। समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचाने में अहम साबित हो सकती है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!