November 25, 2026 8:29 pm

बिजपुर–वाराणसी मार्ग पर रोडवेज बस चालकों की मनमानी, ग्रामीण परेशान

चपकी से बभनी के बीच करीब 10 किलोमीटर तक नहीं रुकती बसें, शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था।

सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बिजपुर–वाराणसी मार्ग पर संचालित रोडवेज बसों के चालकों की मनमानी से ग्रामीण अंचल के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चपकी से बभनी के बीच करीब 10 किलोमीटर के दायरे में रोडवेज बसों के नहीं रुकने से ग्रामीणों को सरकारी परिवहन सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज और वाराणसी जाने के लिए सरकारी बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को घंटों सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि चपकी और बभनी के बीच असनहर सहित कई स्थानों पर यात्री बसों का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन चालक बस रोकना मुनासिब नहीं समझते। कई बार ग्रामीणों ने बाइक से बसों का पीछा कर रुकवाने का प्रयास किया, इसके बावजूद चालक बस नहीं रोकते। ग्रामीण राजू सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले से ही चुनिंदा दो-तीन रोडवेज बसों का संचालन होता है। ऐसे में यदि बस चालक निर्धारित मार्ग पर यात्रियों को नहीं बैठाते तो ग्रामीणों के लिए सरकारी परिवहन सेवा का कोई औचित्य नहीं रह जाता। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर एआरएम से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। कभी-कभार चालक बस रोक भी देते हैं तो यात्रियों से चपकी से बभनी तक का किराया वसूला जाता है। जबकि असनहर चपकी और बभनी के बीच पड़ता है। बस परिचालकों का कहना है कि असनहर का टिकट सिस्टम में उपलब्ध नहीं है और टिकट सीधे चपकी से बभनी तक का ही बनता है।ग्रामीणों का सवाल है कि जब सरकारी बसें ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरती हैं तो बीच के गांवों के यात्रियों को सुविधा क्यों नहीं मिलती? रोडवेज बसों के नहीं रुकने का फायदा निजी बस संचालक उठा रहे हैं और यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बिजपुर–वाराणसी मार्ग पर संचालित रोडवेज बसों को चपकी, असनहर और बभनी के बीच निर्धारित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही टिकट प्रणाली में असनहर जैसे ग्रामीण पड़ावों को शामिल कर यात्रियों को राहत दी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि मुर्धवा से बिजपुर के बीच बसों के नहीं रुकने और यात्रियों की अनदेखी की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!