November 24, 2026 7:26 pm

सरकारी दावों पर भारी पड़ रही विभागीय सुस्ती, सत्यापन के फेर में फंसी 15 गांवों की धान खरीद

15 ग्राम सभाओं के अन्नदाताओं की डीएम से गुहार, ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में देरी से बढ़ी परेशानी

सोनभद्र। सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सरकारी प्रक्रिया की सुस्ती अन्नदाताओं के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सलखन न्याय पंचायत की 15 ग्राम सभाओं के किसानों की धान बिक्री ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में देरी के कारण अटक गई है। किसान पिछले एक सप्ताह से चकबंदी कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में किसानों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर जल्द समस्या का निस्तारण कराने की गुहार लगाई है। सदर विकास खंड के सलखन न्याय पंचायत अंतर्गत मारकुंडी सहकारी समिति से जुड़े किसानों का कहना है कि धान बिक्री के लिए आवश्यक ऑनलाइन खतौनी, आईडी और पासवर्ड से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद चकबंदी लेखपाल द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। किसानों का आरोप है कि बार-बार कार्यालय पहुंचने के बाद भी उन्हें केवल इंतजार करने को कहा जा रहा है। सत्यापन लंबित होने के कारण उनकी धान बिक्री की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

धान तैयार, लेकिन सरकारी प्रक्रिया में फंसी बिक्री

किसानों के सामने दोहरी मुसीबत खड़ी हो गई है। एक तरफ खेतों और खलिहानों में धान बिक्री के इंतजार में रखा है, वहीं दूसरी तरफ बेमौसम बारिश ने पहले ही उनकी चिंता बढ़ा दी है। अब ऑनलाइन सत्यापन में देरी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसानों को आशंका है कि यदि समय रहते सत्यापन नहीं हुआ तो धान बिक्री में और देरी होगी तथा उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एक सप्ताह से कार्यालय की परिक्रमा, फिर भी नहीं सुनवाई!

किसानों का सवाल है कि जब धान खरीद की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और किसान अपनी ओर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर चुके हैं, तो फिर ऑनलाइन सत्यापन में अनावश्यक देरी क्यों की जा रही है? आखिर एक तकनीकी और विभागीय प्रक्रिया के कारण अन्नदाताओं को कितने दिनों तक परेशान होना पड़ेगा? किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर उपज बेचने की व्यवस्था तो है, लेकिन सत्यापन की बाधा के चलते वे इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस संबंध में सहकारी समिति के अध्यक्ष सत्यदेव पाण्डेय, द्वेवेश देव, आलोक कुमार, रंगनाथ मिश्रा, मिथलेश, राहुल सिंह सहित क्षेत्र के अन्य किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लंबित ऑनलाइन खतौनी सत्यापन तत्काल पूरा कराने तथा यदि किसी स्तर पर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है।अब सवाल यह है कि किसानों की इस समस्या पर जिला प्रशासन कब संज्ञान लेगा? क्या 15 ग्राम सभाओं के किसानों को धान बेचने के लिए इसी तरह कार्यालयों की परिक्रमा करनी पड़ेगी या जिम्मेदार अधिकारी समय रहते उनकी समस्या का समाधान कराएंगे?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!