डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में चला संयुक्त अभ्यास, घायलों की तलाश से लेकर आग बुझाने और अस्पताल पहुंचाने तक का हुआ प्रदर्शन
सोनभद्र। अचानक सायरन बजा और संभावित हवाई हमले की चेतावनी के साथ पुलिस लाइन में अफरा-तफरी जैसे हालात का काल्पनिक दृश्य तैयार हो गया। पुलिसकर्मी और अन्य प्रतिभागी सुरक्षित स्थानों की ओर बढ़े तो दूसरी तरफ राहत एवं बचाव दल घायलों की तलाश में जुट गया। कहीं आग बुझाने की कवायद हुई तो कहीं घायलों को निकालकर प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। यह नजारा रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का था।संभावित हवाई हमले और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 को आयोजित इस संयुक्त अभ्यास में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, चिकित्सा, सिविल डिफेंस और आपदा राहत-बचाव दल ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन के माध्यम से हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी जारी की गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अभ्यास किया। पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को भी आपातकाल में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।काल्पनिक हमले के बाद क्षति और लोगों के घायल होने की सूचना पर पुलिस सुरक्षा, घटना सूचना, अग्निशमन, चिकित्सा और राहत-बचाव टीमें तत्काल सक्रिय हुईं। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आपातकालीन मार्ग को सुरक्षित किया। वहीं राहत-बचाव दल ने मलबे एवं प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों की तलाश, सुरक्षित निकासी और उन्हें उपचार स्थल तक पहुंचाने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में आग पर नियंत्रण पाने के तरीके बताए। गैस सिलेंडर में आग लगने पर बरती जाने वाली सावधानियों, गैस की आपूर्ति बंद करने के उपाय और सुरक्षित तरीके से आग बुझाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। लोगों को बताया गया कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और समय से अग्निशमन विभाग को सूचना दें।मेडिकल टीम ने आग से झुलसे, धुएं से दम घुटने और अन्य चोटों से प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया समझाई। घायलों की स्थिति के अनुसार उनका वर्गीकरण (ट्रायेज), जरूरी चिकित्सीय सहायता और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी कराया गया।इस संयुक्त अभ्यास में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर और प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, राजस्व विभाग, पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रशासन के अनुसार, यह पूरी कवायद पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल थी। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी तालमेल और राहत-बचाव की तैयारियों का आकलन करना था। जिला प्रशासन और पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखें, सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
Author: Pramod Gupta
Hello









