चोपन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत सुनीता देवी के मकान को किया फ्रीज; अब तक 16 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
सोनभद्र। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में चोपन पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोपी सुधीर उर्फ छोटे और उसकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्नी के नाम पर निर्मित 87 लाख रुपये से अधिक कीमत के मकान को फ्रीज/कुर्क कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति हेरोइन की अवैध तस्करी से अर्जित धनराशि से बनाई गई थी। थाना चोपन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0319/2026, धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित इस कार्रवाई में डाला चढ़ाई स्थित मकान संख्या 40026 को कुर्क किया गया। मकान की कीमत 87,04,283.59 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(2) के तहत निरीक्षण अधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी, एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली द्वारा पारित आदेश संख्या NDPSA/FO/1409/DEL/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 के अनुपालन में 22 नवंबर को की गई।कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की मौजूदगी में पर्याप्त पुलिस बल के साथ संपत्ति को फ्रीज/कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के मुताबिक, इस मुकदमे में अब तक कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी सुधीर उर्फ छोटे भी इसी मामले में जेल में निरुद्ध है। सुनीता देवी के खिलाफ चोपन थाने में वर्ष 2018 में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सुधीर उर्फ छोटे के खिलाफ वर्ष 2014 से 2026 तक मारपीट, धमकी और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पिपरी और चोपन थानों में हेरोइन तस्करी से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, जनपद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई एवं 68एफ के तहत अब तक सात मामलों में कुल 6,43,29,978.59 रुपये की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की जा चुकी है। थाना रॉबर्ट्सगंज में कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले में 4,50,13,541 रुपये, अनपरा में हेरोइन तस्करी के मामले में 26,62,165 रुपये, शक्तिनगर में 15,72,140 रुपये तथा दूसरे मामले में 23,86,000 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। रॉबर्ट्सगंज के एक अन्य हेरोइन मामले में 1,08,156 रुपये और म्योरपुर में 38,83,693.52 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई है। वहीं, चोपन में सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी के नाम पर बने 87,04,283.59 रुपये के मकान को कुर्क किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी से खड़ी की गई अवैध संपत्तियों पर आर्थिक चोट के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









