November 22, 2026 2:18 am

महिलाओं की आत्मनिर्भरता और युवाओं के खेल भविष्य के लिए उठी आवाज, गुरेठ में मिनी स्टेडियम की मांग

स्वयं सहायता समूह कार्यालय और उत्पाद क्रय-विक्रय केंद्र भी बनाने की मांग, राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की जिला महासचिव समीना खान ने डीएम को सौंपा मांगपत्र

सोनभद्र। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गुरेठ में तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की मांग उठाई गई है। राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की जिला महासचिव समीना खान ने जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपकर महिला स्वयं सहायता समूह कार्यालय, उत्पाद क्रय-विक्रय केंद्र और मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए गए मांगपत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत गुरेठ में संचालित महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को नियमित बैठकें करने और समूह से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी भवन उपलब्ध नहीं है। किराये के भवन की व्यवस्था नहीं होने से महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समूहों के लिए कार्यालय एवं सामुदायिक भवन का निर्माण आवश्यक है। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की बिक्री के लिए क्रय-विक्रय केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। समीना खान का कहना है कि ग्रामीण महिलाओं के पास हुनर और उत्पाद तो हैं, लेकिन उचित बाजार एवं विपणन व्यवस्था नहीं होने से उन्हें अपने उत्पादों का सही मूल्य नहीं मिल पाता। यदि ग्राम पंचायत में बिक्री केंद्र स्थापित किया जाए तो महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा और उनकी आमदनी बढ़ने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, ग्रामीण युवाओं एवं छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। ग्राम पंचायत गुरेठ और आसपास के गांवों में खेलकूद की समुचित सुविधाएं नहीं होने से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उचित अवसर नहीं मिल पाता। मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

तीन मांगें, ग्रामीण विकास की बड़ी उम्मीद

समीना खान ने जिलाधिकारी से जनहित को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर तीनों विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कराने का आग्रह किया है। इन मांगों के पूरा होने से न केवल ग्राम पंचायत गुरेठ की महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं को भी खेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन की पहल पर टिकी हैं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!