रॉबर्ट्सगंज में छूटे नाम जुड़वाने और डुप्लीकेट प्रविष्टियां हटवाने की पहल, मतदान केंद्रों के अंतर से मतदाताओं को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठा
सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची को दुरुस्त कराने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल कराने के लिए पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी एवं नगर पालिका सभासद विनोद सोनी ने बूथ अध्यक्षों के साथ रॉबर्ट्सगंज स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन किया। इस दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए। वहीं मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने तथा दो स्थानों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक स्थान पर रखने के लिए भी आवश्यक फॉर्म भरवाए गए। इस दौरान डॉ. धर्मवीर तिवारी ने रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में लोकसभा, विधानसभा और नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्र अलग-अलग होने से मतदाताओं को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में जिस मतदान केंद्र पर मतदाता मतदान करता है, लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में उसका मतदान केंद्र दूसरा होने से कई मतदाता भ्रमित हो जाते हैं। इसका असर नगरीय क्षेत्र के मतदान प्रतिशत पर भी पड़ता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि मतदाता सूची के भाग संख्या-18 में वार्ड संख्या-18 टीचर्स कॉलोनी का आंशिक भाग और वार्ड संख्या-8 जोगिया वीर मोहल्ले का आंशिक हिस्सा शामिल है, जिसका मतदान केंद्र आदर्श इंटर कॉलेज है। जबकि नगर पालिका चुनाव में टीचर्स कॉलोनी के मतदाताओं का मतदान विवेकानंद परीक्षा गृह में होता है। मतदान केंद्रों के इस अंतर के कारण करीब 400 मतदाताओं के सामने असमंजस की स्थिति पैदा होती है। डॉ. तिवारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया कि इस समस्या का संज्ञान लेते हुए लोकसभा, विधानसभा और नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। मतदाता सूची तैयार करते समय नगर पालिका के मतदान केंद्रों को भी ध्यान में रखा जाए, ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो और नगरीय क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ सके। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान कई मतदाताओं के नाम दो अलग-अलग वार्डों में दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है। ऐसे नामों को बीएलओ के माध्यम से चिह्नित कर नियमानुसार एक ही स्थान पर रखा जाना चाहिए। मृतक एवं अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी पात्र मतदाता को उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने आदर्श इंटर कॉलेज के सात बूथों के अलावा विवेकानंद परीक्षा गृह एवं संस्कृत पाठशाला मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ से मुलाकात की और पुनरीक्षण कार्य में सहयोग किया। इस अवसर पर सभासद विनोद सोनी, डब्लू तिवारी, सत्यम सोनी, राहुल शर्मा सहित भाग संख्या 13 से 19 तक के बीएलओ फुलेंद्र देव पांडेय, सुधा पांडेय, नितेश कुमार, गीता, चंदा देवी, नयन, विभा एवं सूरज मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









