सोनभद्र। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) तथा आलिम (सीनियर सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) परीक्षा वर्ष-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के लिए परिषद ने आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि मदरसों के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या 23 नवंबर से छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे। निर्धारित परीक्षा शुल्क ट्रेजरी चालान के माध्यम से राजकीय कोष में जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तथा आवेदन पत्रों को मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर तय की गई है। उन्होंने बताया कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी स्तर से संदिग्ध डाटा सहित आवेदन पत्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है। सभी मदरसों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि जिस स्तर तक मदरसे को मान्यता प्राप्त है, उसी स्तर के छात्र-छात्राओं के आवेदन ही पोर्टल पर भरे जाएं। परीक्षार्थियों द्वारा निर्धारित परीक्षा शुल्क राजकीय कोष में जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क जमा होने की पुष्टि के बाद ही आवेदन पत्र अग्रसारित किए जाएंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त मदरसा प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवेदन, शुल्क जमा करने और आवेदन पत्र लॉक करने की प्रक्रिया समय से पूरी करने की अपील की है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस पोर्टल पर करें आवेदन
परीक्षा आवेदन भरने तथा आवश्यक संशोधन (अपडेट/डिलीट) की सुविधा मदरसा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट [https://madarsaboard.upsdc.gov.in/](https://madarsaboard.upsdc.gov.in/?utm_source=chatgpt.com) पर उपलब्ध रहेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









