सोनभद्र (बीजपुर) सरकारी विद्यालयों में बच्चों को समय की पाबंदी, अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया जाता है, लेकिन जब पढ़ाने वाले ही समय की कसौटी पर सवालों के घेरे में हों तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। बीजपुर शांतिनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय बीजपुर कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक शिक्षिका की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में तैनात दो शिक्षिकाओं में नंदनी अवकाश पर थीं, जबकि दूसरी शिक्षिका प्रियंका सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक विद्यालय पहुंची थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में समय से पहुंचने की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लगातार बनी हुई है। आसपास ही रहने के बावजूद विद्यालय पहुंचने में देरी आखिर किस व्यवस्था का हिस्सा है, यह ग्रामीणों के लिए समझ से परे है। जब शिक्षिका प्रियंका से देरी का कारण पूछा तो उन्होंने बारिश की वजह से देर से आने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों का सवाल है कि बारिश के दौरान बच्चे विद्यालय कैसे पहुंचे? ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में आने-जाने का समय अक्सर निश्चित नहीं दिखाई देता। सरकारी विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए तमाम नियम और निगरानी व्यवस्थाएं बनाई गई हैं, लेकिन यदि समय पर उपस्थिति दर्ज करने और निगरानी का प्रभावी तंत्र ही सवालों के घेरे में हो तो नियमों का असर जमीन पर कैसे दिखाई देगा? ग्रामीणों का आरोप है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति और नियमित निगरानी की कमी का फायदा उठाकर समय पालन को लेकर लापरवाही की जा रही है। बच्चों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षकों की अपनी समयबद्धता पर सवाल उठना शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग केवल कागजी निगरानी करता है या विद्यालयों में समय पालन भी सुनिश्चित कराता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









