November 22, 2026 2:44 am

दुद्धी विधान सभा (403) में 2.91 लाख मतदाता विधायक विहीन विधानसभा में हर घर नल योजना फ्लॉप

सोनभद्र (दुद्धी) आदिवासी बाहुल्य दुद्धी विधानसभा क्षेत्र इन दिनों विधायक विहीन है। विधानसभा क्षेत्र के 2,91,098 मतदाताओं को अपने नए जनप्रतिनिधि के चुनाव का इंतजार है। क्षेत्र में कुल 397 मतदान बूथ हैं, जहां से मतदाता अपने विधायक का चुनाव करते हैं। विधायक विजय सिंह गोंड़ के निधन के बाद विधानसभा सीट रिक्त हुई, लेकिन उपचुनाव नहीं होने से करीब एक वर्ष से क्षेत्र में कोई निर्वाचित विधायक नहीं है। वहीं वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अब लगभग चार से पांच महीने शेष रहने के कारण लोगों की निगाहें आगामी चुनाव पर टिकी हैं।

महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से कम

विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,91,098 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,54,495 पुरुष, 1,36,595 महिला और 8 तृतीय जेंडर के मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार पुरुष मतदाताओं की संख्या महिला मतदाताओं से 17,900 अधिक है। करीब तीन लाख मतदाताओं वाला यह विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा क्षेत्र

विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, अधूरी पेयजल परियोजनाएं, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अभाव में आदिवासी मजदूरों का पलायन और विस्थापन जैसे कई बुनियादी मुद्दे आज भी प्रमुख बने हुए हैं। खासकर ग्रामीण और आदिवासी बाहुल्य इलाकों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की अपेक्षाएं बनी हुई हैं।

विधायक नहीं तो विधानसभा में कौन उठाएगा आवाज?

विधायक की अनुपस्थिति में क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में कौन उठाएगा? विकास कार्यों की पैरवी कौन करेगा? शासन स्तर पर लंबित मांगों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी किसकी होगी? ये सवाल क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय हैं। हालांकि प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय निकायों के माध्यम से विकास कार्य संचालित हो रहे हैं, लेकिन विधानसभा में क्षेत्र का निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं होना अपने आप में महत्वपूर्ण स्थिति है।

अब नए जनप्रतिनिधि से होंगी अपेक्षाएं

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियों के बीच मतदाताओं की निगाहें भी नए जनप्रतिनिधि पर टिकी हैं। जनता की अपेक्षा है कि अगला विधायक केवल चुनावी वादों तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करे। अब देखना होगा कि आगामी चुनाव में मतदाता किन मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं और क्षेत्र को नया जनप्रतिनिधि कब मिलता है।

आखिर हर घर नल योजना फ्लॉप क्यों

वर्ष 2022 में शुरू हुई हर घर नल योजना दुद्धी विधान सभा क्षेत्र के अभी तक जमीनी पड़ताल में फ्लॉप नजर आ रही है।यू तो हर सप्ताह जिले पर संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यों की समीक्षा की जाती है।लेकिन इस कार्य में लगी दो बड़ी कम्पनियां हर घर तक पानी पहुंचाने का प्रयास ही कर रही है।बताया जाता है कि वर्ष 2020 में अमवार ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का शिलान्यास बड़े दावों और उम्मीदों के साथ किया गया था।करीब 157 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से दुद्धी विकासखंड के 32 गांवों में लगभग 12 हजार घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन महज 16 गांव में आंशिक रूप से जलापूर्ति की जा रही है। वही झीलों –बीजपुर ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना करीब 747 करोड़ रुपए की लागत वाली परियोजना से 171 गांव में पानी पहुंचाने का लक्ष्य है लेकिन महज करीब 80 गांव में कही पेयजल आपूर्ति की जा रही है जिसमें ज्यादातर आंशिक ही है ।और दुद्धी विधान सभा क्षेत्र के लोग शुद्ध पेय जल को तरस रहे है ।यदि कोई जनप्रतिनिधि विधायक होता तो शायद और गांव तक पानी पहुंच चुकी होती।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!