मध्य प्रदेश बॉर्डर से झारखंड सीमा तक होगा एनएच-39 का चौड़ीकरण, डीएम ने एक माह में सर्वे पूरा करने का दिया निर्देश
सोनभद्र। सड़क यातायात को सुगम बनाने और वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-39 (एनएच-39) के करीब 91 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से अनपरा और रेणुकूट जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में आवागमन की समस्या दूर होने के साथ ही जाम से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में फोरलेन चौड़ीकरण के लिए संरेखण (अलाइनमेंट) सर्वे एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजना को जनपद के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित योजना के तहत एनएच-39 को मध्य प्रदेश सीमा से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला, दुद्धी एवं विंढमगंज होते हुए उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा तक लगभग 91 किलोमीटर की लंबाई में फोरलेन किया जाना है। इस वृहद परियोजना का निर्माण भारत सरकार द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय स्थापित कर संरेखण सर्वे का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण एवं डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी आवश्यक अभिलेखीय और स्थलीय कार्रवाई निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाए। फोरलेन निर्माण से अनपरा और रेणुकूट के औद्योगिक क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम होने, जाम की समस्या से निजात मिलने तथा आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा दुद्धी और विंढमगंज क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से क्षेत्रीय परिवहन एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार शामिल हुए। इस दौरान डीएफओ रेणुकूट कमल कुमार सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









