लेखपालों, कानूनगो और निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारियों को दो टूक चेतावनी, तहसील से ब्लॉक तक की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश
कार्यालय को कार्यालय की तरह रखें, साफ-सफाई में न हो लापरवाही; निर्वाचन संबंधी सूचनाओं में देरी पर कार्रवाई के संकेत
सोनभद्र। निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही और रिपोर्ट उपलब्ध कराने में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी। सदर एसडीएम आशीष त्रिपाठी ने गुरुवार को निर्वाचन आयोग के कक्ष में पहुंचकर लेखपालों, कानूनगो एवं निर्वाचन कार्यों से जुड़े कर्मचारियों को कड़े तेवर में चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक कहा कि तहसील से लेकर ब्लॉक स्तर तक मांगी गई सभी रिपोर्ट तत्काल तैयार कर उपलब्ध कराई जाएं। रिपोर्ट मांगने के बाद भी यदि उसे प्रस्तुत करने में अनावश्यक विलंब किया गया तो संबंधित कर्मचारियों के लिए अच्छा नहीं होगा। एसडीएम के सख्त रुख से निर्वाचन कार्यों में लगे कर्मचारियों के बीच हलचल देखने को मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग से संबंधित कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध हैं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लेखपालों और कानूनगो को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित सूचनाएं और रिपोर्ट समय से एकत्रित कर कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम ने कार्यालय भवन का जायजा लेते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय को व्यवस्थित और स्वच्छ रखें। कार्यालय की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे वहां आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्था दिखाई दे। सरकारी कार्यालय में अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट नजर आना चाहिए। एसडीएम आशीष त्रिपाठी के इस सख्त रुख और कार्यशैली की लोगों ने सराहना की। उनके तेवरों को देखकर कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश मिला कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही और टालमटोल की कोई जगह नहीं है। अब देखना होगा कि इस सख्त चेतावनी के बाद निर्वाचन कार्यों से जुड़े कर्मचारी कितनी तेजी से रिपोर्ट और सूचनाएं उपलब्ध कराते हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









