रामलीला मैदान से लेकर बस स्टेशन और सब्जी मंडी तक चला अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज पुलिस की कार्रवाई
सोनभद्र। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा और हुड़दंग करना अब भारी पड़ सकता है। आमजन की सुविधा और सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अराजकता फैलाने वाले कुल 40 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया, जबकि वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पांच मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया। थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के रामलीला मैदान, बढ़ौली चौराहा, अशोक नगर, बस स्टेशन, लोढ़ी, कस्बा रॉबर्ट्सगंज, शीतला चौक, धर्मशाला, चंडी, कांशीराम आवास और सब्जी मंडी सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग खुलेआम शराब पीकर हंगामा और हुड़दंग कर रहे थे। इससे राहगीरों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। पुलिस ने मौके पर मिले 40 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनका चालान न्यायालय भेज दिया। वहीं, अभियान के दौरान वाहन चेकिंग में आवश्यक कागजात नहीं दिखा पाने पर पांच मोटरसाइकिलें सीज की गईं। रामलीला मैदान, बढ़ौली चौराहा, अशोक नगर, बस स्टेशन, लोढ़ी, शीतला चौक, धर्मशाला, चंडी, कांशीराम आवास और सब्जी मंडी समेत कई सार्वजनिक स्थान पुलिस के अभियान के दायरे में रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों में हड़कंप मचा रहा।कार्रवाई करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अपराध निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अनिल विश्वकर्मा, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव, उपनिरीक्षक शिवानंद राय, रोहिणी शुक्ल, ध्रुवतारा राय, धर्मदेव यादव, काशीनाथ यादव सहित अन्य उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









