जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल, खेत में धान काटने को लेकर भिड़े दो पक्ष; दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज
सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुचमरवा भैरोपुर में जमीनी विवाद और धान की कटाई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। गुरुवार 19 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे हुई इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोबारा विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। धान की कटाई को लेकर राम मनोहर और रंजन कुमार पक्ष के बीच विवाद एवं मारपीट हुई थी। घटना के बाद प्रथम पक्ष राम मनोहर की तहरीर पर थाना करमा में मुकदमा अपराध संख्या 213/2026 के तहत धारा 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। वहीं, दूसरे पक्ष रंजन कुमार की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 214/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 333, 191(2), 191(3), 76 बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही करमा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच तनाव और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने छह व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









