November 20, 2026 6:37 am

छात्राओं की मांग पर स्कूल में शुरू हुआ मानसिक मजबूती का विशेष प्रशिक्षण

16 सप्ताह के कार्यक्रम से तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन का मिलेगा प्रशिक्षण, बेहतर जीवन कौशल विकसित करने पर जोर

सोनभद्र। विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने, तनाव से मुक्ति दिलाने और उनकी एकाग्रता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में हार्टफुलनेस का हेल्प प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है। छात्राओं की विशेष मांग पर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को जीवन में सकारात्मक सोच, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन के महत्व से परिचित कराया गया। अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के क्रम में प्रदेश के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में हार्टफुलनेस का HELP (Heartfulness Experience Life’s Potential) प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। यह 16 सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में जीवन कौशल और मानवीय मूल्यों का विकास करना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, एकाग्रता बढ़ाने, मानसिक शांति बनाए रखने और भावनात्मक संतुलन विकसित करने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही अपने जीवन के लक्ष्यों को पहचानने और उन्हें हासिल करने में मदद मिलेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह के निर्देशन में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज सहित जनपद के अन्य राजकीय विद्यालयों में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। हार्टफुलनेस ट्रेनर एवं जिला कोऑर्डिनेटर गोपाल तथा हार्टफुलनेस वालंटियर कंचन लता द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निशा सिंह एवं वरिष्ठ प्रवक्ता वंदना सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ प्रवक्ता वंदना सिंह को हार्टफुलनेस पत्रिका भेंट की गई। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक रूप से बेहतर बनाने, बल्कि मानसिक रूप से मजबूत, आत्मविश्वासी और संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!