राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने मुख्यमंत्री को भेंट किए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद, 4,700 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं इस पहल से
सोनभद्र। जनपद की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और मेहनत की खुशबू अब लखनऊ तक पहुंच गई है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों के ब्रांड ‘सोनअर्थ’ ने प्रदेश की राजधानी में अपनी खास पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विभिन्न उत्पाद भेंट किए। मुख्यमंत्री तक सोनभद्र की महिलाओं के हाथों से तैयार उत्पाद पहुंचना जनपद के लिए गौरव की बात है। इस दौरान राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से सोनभद्र की मातृशक्ति के पारंपरिक हुनर को एक नया मंच मिल रहा है। मुख्यमंत्री को भेंट किए गए उत्पादों में ज्वार, रागी, कोदो और गेहूं से तैयार चार प्रकार के ठेकुआ, जंगल के फूलों से प्राकृतिक रूप से एकत्रित जंगली शहद, कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन से बने चार प्रकार के साबुन शामिल रहे। इन उत्पादों में सोनभद्र की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय परंपरा और महिलाओं की रचनात्मकता की झलक दिखाई देती है। ‘सोनअर्थ’ केवल उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों ग्रामीण महिलाओं की आजीविका का माध्यम बन रहा है। इससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में 4,700 से अधिक महिलाएं भागीदारी कर रही हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, दो हजार से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण तथा एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं। इस पहल से स्थानीय किसानों और जनजातीय समुदायों को भी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ ब्रांड को विकसित करने के लिए लोगो निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार सामग्री और उत्पादों की गुणवत्ता जांच जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक हुनर को एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करना और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ महज एक ब्रांड नहीं, बल्कि सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को नई पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध कराना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की महिलाओं में हुनर और आगे बढ़ने का भरपूर सामर्थ्य है। ‘सोनअर्थ’ के माध्यम से उनके हुनर को ऐसा मंच मिल रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी और सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









