सोनभद्र (पिण्डारी) म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिण्डारी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोटा पिण्डारी में शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में चार शिक्षक तैनात हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान चारों नदारद मिले। विद्यालय का गेट खुला था, जबकि कार्यालय में ताला लटका हुआ था। वहीं बच्चे विद्यालय परिसर के बाहर घूमते नजर आए। ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हिरीश कुमार साह, सहायक अध्यापक संगीता चौधरी, रूची सिंह तथा अनुदेशक रंजना सिंह की तैनाती है। इसके बावजूद विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में शिक्षकों की गैरहाजिरी का मामला लगातार बना रहता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान विद्यालय में रसोइया मौजूद मिली, जो निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों के लिए खिचड़ी बना रही थी। शिक्षकों की अनुपस्थिति के संबंध में पूछे जाने पर रसोइया ने बताया कि उनका काम भोजन बनाना है, जिसे वह कर रही हैं। शिक्षक विद्यालय क्यों नहीं आए, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मामले में प्रधानाध्यापक हिरीश कुमार साह से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह आज आकस्मिक अवकाश (CL) पर हैं। हालांकि, विद्यालय में तैनात अन्य शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक ही दिन में विद्यालय के सभी शिक्षक अवकाश पर थे और क्या इसके लिए विभागीय स्तर पर नियमानुसार अनुमति ली गई थी? ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षकों की मनमानी के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिक्षकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगालने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विद्यालय में नियमित पढ़ाई सुनिश्चित हो सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









