November 19, 2026 12:18 am

बाजारों और मंदिरों में महिलाओं के गले से सोने के आभूषण उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब, छह महिलाएं समेत सात गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज और ओबरा की पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा, 1.87 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और बोलेरो बरामद; गोरखपुर के बड़हलगंज से जुड़ा है गिरोह

सोनभद्र। भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और त्योहारों के दौरान महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी करने वाले संगठित गिरोह का रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बोलेरो वाहन में सवार छह महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1 लाख 87 हजार 200 रुपये नकद, पीली धातु के विभिन्न आभूषण और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस की पूछताछ में रॉबर्ट्सगंज की चार और ओबरा की एक समेत कुल पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की विभिन्न चौकियों की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सहिजन खुर्द स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के पास घेराबंदी कर बोलेरो सवार सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया है। पुरुष आरोपी किशन कुमार बोलेरो चलाने के साथ विभिन्न बाजारों और धार्मिक स्थलों पर रेकी करता था। वह ऐसे स्थानों को चिह्नित करता था, जहां महिलाओं की अधिक भीड़ रहती थी। इसके बाद महिला सदस्य भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी और निशानदेही पर 1,87,200 रुपये नकद के साथ पीली धातु का एक लॉकेट, अंगूठी, ओम लिखा लॉकेट, एक जोड़ा झाला और कान के टप्स बरामद किए। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिले। बरामद आभूषणों में एक लॉकेट को मुकदमा अपराध संख्या 927/2026 की वादिनी ने मौके पर पहुंचकर अपना चोरी हुआ लॉकेट पहचान लिया। घटना में प्रयुक्त करीब 13 लाख रुपये कीमत की बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के चार तथा ओबरा थाना क्षेत्र के एक मामले का खुलासा हुआ है। रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 764/2026, 768/2026, 771/2026 और 927/2026 तथा ओबरा में मुकदमा संख्या 213/2026 प्रकाश में आया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों और चोरी के आभूषण खरीदने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार महिला आरोपियों में अर्चना पत्नी स्वर्गीय अनिल, रीना पत्नी स्वर्गीय सिकन्दर, अंशिका पुत्री स्वर्गीय सिकन्दर, नेहा कुमारी उर्फ काजल पत्नी रामू, अंजली पुत्री स्वर्गीय सिकन्दर तथा सुनीता देवी पत्नी किशन शामिल हैं। सभी सिधुआपार लक्ष्मीपुर, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर की निवासी बताई गई हैं। वहीं पुरुष आरोपी किशन कुमार पुत्र शम्भूनाथ निवासी ग्राम कुरांव सिधुवापार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर का रहने वाला है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, क्राइम निरीक्षक बनारसी यादव, चौकी प्रभारी कस्बा अनिल विश्वकर्मा, चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी चुर्क धर्मनारायण भार्गव, हेड कांस्टेबल अशोक सिंह, अमरजीत यादव, दिनेश कुमार, कांस्टेबल अशोक कुमार, मशी अहमद, राम सिंह तथा महिला कांस्टेबल सुमन लता, सुमन सरोज, दीक्षा पाण्डेय और राजनन्दनी शामिल रहीं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!