सोनभद्र में 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा, अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क से जुड़े प्रयागराज के युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार; देशभर में करीब 200 शिकायतें दर्ज
सोनभद्र। विदेश में नौकरी दिलाने का सुनहरा सपना दिखाकर लोगों के बैंक खाते खुलवाना और उन्हीं खातों के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करना। साइबर अपराधियों के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। जांच में जनपद से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है, जबकि देशभर में इस नेटवर्क से संबंधित लगभग 200 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना और स्वाट टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सौरभ सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी नेवढ़िया, थाना करछना, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध साइबर थाना सोनभद्र में मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था। पुलिस के मुताबिक, उसके साथी अनुपम सिंह निवासी गोरडिहा थाना रॉबर्ट्सगंज की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम पर तीन कंपनियां स्थापित अथवा संचालित की गई थीं। इनमें लैब मेड मेडिसिन लॉजिस्टिक्स कंपनी, एएसएल लॉजिस्टिक्स कंपनी और कुमार सिंह एलएलसी शामिल हैं।इन कंपनियों के माध्यम से लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इसके बाद खाताधारकों से एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन में किया जाता था। जांच में बैंक खातों की खरीद-फरोख्त का भी चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध में इस्तेमाल के लिए लोगों से सेविंग खाते 10 से 20 हजार रुपये में तथा कॉरपोरेट खाते 50 हजार से एक लाख रुपये तक में खरीदे जाते थे। इसके बाद इन खातों को साइबर अपराध में शामिल अन्य लोगों को करीब दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था। इन खातों में शेयर बाजार में निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य डिजिटल धोखाधड़ी से पीड़ितों की रकम मंगाई जाती थी। इसके बाद कई बैंक खातों के माध्यम से रकम को आगे हस्तांतरित कर नकदी निकाली जाती थी अथवा क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस की जांच में अब तक सोनभद्र से संबंधित विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। वहीं, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर इस नेटवर्क से संबंधित देशभर में लगभग 200 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, इन शिकायतों और संदिग्ध लेनदेन का समग्र आकलन करने पर ठगी की कुल धनराशि 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है। फिलहाल बैंक खातों, धनराशि के स्रोत और अंतिम लाभार्थियों की पहचान के लिए विस्तृत जांच जारी है।इस नेटवर्क का संबंध सोनभद्र में पहले गिरफ्तार किए गए दो अभियुक्तों से भी सामने आया है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 602/2026 में शाहगंज निवासी रवि पाण्डेय तथा साइबर थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2026 में उमरी, थाना शाहगंज निवासी बृजेश कुमार पाण्डेय को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने तथा अनुपम सिंह और नायब खान के माध्यम से खातों को आगे पहुंचाने की जानकारी मिली थी।विवेचना में शिकायतकर्ता सुनील शर्मा, जय सिंह, चेतना त्रिपाठी और निखिल सोनी सहित अन्य पीड़ितों से संबंधित धनराशि के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई में रहने तथा नेपाल, थाईलैंड, कंबोडिया और मलेशिया की यात्राएं करने की जानकारी दी है। इसके अलावा वीजा में हेरफेर कर फर्जी वीजा उपलब्ध कराने और विभिन्न मार्गों से लोगों को यूरोपीय देशों में भेजने जैसी गतिविधियों के संबंध में भी तथ्य सामने आए हैं। पुलिस इन पहलुओं की अलग से जांच कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक महिंद्रा थार चार पहिया वाहन, दो चेकबुक, 27 क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड, तीन बैंक पासबुक, केनरा बैंक में खाता खुलवाने का एक फार्म, तीन मोबाइल फोन और एप्पल कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया गया है। इसके अलावा नेपाली मुद्रा के छह नोट और यूएई की मुद्रा के तीन नोट भी बरामद हुए हैं।इस नेटवर्क द्वारा विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाने, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने, ऑनलाइन गेमिंग में निवेश के नाम पर रकम ऐंठने तथा ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने जैसे तरीके अपनाए जाते थे। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार वर्मा, मनीष सिंह, कांस्टेबल सत्यम पाण्डेय, अभिषेक तिवारी और सुनील रावत शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









