चुर्क की जन चौपाल में नंदलाल गुप्ता का अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त रुख, बोले—सरकार की छवि खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा; ग्रामीणों ने की जिलाध्यक्ष की जमकर सराहना
सोनभद्र। ग्राम पंचायत चुर्क स्थित पंचायत भवन में आयोजित जन चौपाल उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब पेयजल समस्या को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति बेहद सख्त रुख अपनाया। गांव में पानी की आपूर्ति को लेकर मिल रही शिकायतों पर उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार की छवि खराब करने का काम कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब सरकार की ओर से पानी पहुंचने की बात कही जा रही है, तो फिर ग्रामीणों को पानी क्यों नहीं मिल रहा है? आखिर कागजों में पानी पहुंच रहा है और जनता की प्यास क्यों नहीं बुझ रही है? भाजपा जिलाध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारी-कर्मचारी सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। यदि एक सप्ताह के भीतर गांव में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कराई जाएगी। उनके इस कड़े रुख से जन चौपाल में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।जिलाध्यक्ष के इस तेवर को देखकर ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। ग्रामीणों ने कहा कि नेता हो तो ऐसा, जो जनता की समस्या को अपनी समस्या समझे और अधिकारियों के सामने जनता की आवाज बुलंद करे। इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए कहा— “मेरा नेता कैसा हो, नंदलाल गुप्ता जैसा हो।” ग्रामीणों की इस प्रतिक्रिया से जन चौपाल का माहौल भी गर्मजोशी से भर गया। गौरतलब है कि जन चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सदर विधायक भूपेश चौबे एवं क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हालांकि चुर्क में पेयजल समस्या को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष की इस सख्ती के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों को नियमित पानी मिल पाएगा या फिर पेयजल संकट को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर वास्तव में कार्रवाई होगी? फिलहाल ग्रामीणों को आश्वासन के साथ-साथ धरातल पर समाधान का इंतजार है।
Author: Pramod Gupta
Hello









