ज्ञापन सौंपकर प्रेरकों ने उठाई भुगतान की मांग, आश्वासन के बाद खिले चेहरे
सोनभद्र। जनपद के शिक्षा प्रेरकों के लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान का मामला एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार को शिक्षा प्रेरकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को अवगत कराया कि शासन स्तर से प्रेरकों के मानदेय की धनराशि जारी हो चुकी है, इसके बावजूद अभी तक उनके बैंक खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है। इससे प्रेरकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रेरकों ने जल्द से जल्द मानदेय का भुगतान कराने की मांग उठाई। इस पर बीएसए ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के अंदर सभी शिक्षा प्रेरकों के बैंक खातों में मानदेय की धनराशि पहुंच जाएगी। बीएसए के इस आश्वासन के बाद प्रेरकों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रेरक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बीएसए तथा शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानदेय मिलने से उन्हें राहत मिलेगी और वे शिक्षा एवं साक्षरता से जुड़े कार्यों को और अधिक निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर प्रेरक संघ के पदाधिकारी अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षा प्रेरक मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









