शिकायतों के बाद एसडीएम, सीओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने की जांच, रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की तैयारी; जल्द अन्य ढाबों पर भी चलेगा जांच अभियान
सोनभद्र। बनारस हाईवे पर संचालित ढाबों की कार्यप्रणाली और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसील रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के गाटा संख्या-129 में संचालित श्रद्धा सबूरी ढाबा की संयुक्त टीम ने जांच की। प्रशासनिक अधिकारियों की इस कार्रवाई से ढाबा संचालकों में हलचल मच गई है। उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, हिंदुआरी चौकी प्रभारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद यादव की संयुक्त टीम ने ढाबे पर पहुंचकर विभिन्न पहलुओं की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कई नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसके साथ ही ढाबे की भूमि, उसके उपयोग, संचालन से संबंधित अभिलेखों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।अधिकारियों के मुताबिक ढाबे से संबंधित जमीन के कागजात, लाइसेंस और खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक ढाबे तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में अन्य ढाबों की भी अभियान चलाकर जांच कराई जाएगी। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लाइसेंस, जमीन के अभिलेख और संचालन से जुड़े जरूरी मानकों की जांच की जाएगी। अब देखना यह होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालकों पर क्या कार्रवाई होती है। प्रशासन की इस पहल से हाईवे किनारे संचालित ढाबों की व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर निगरानी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









