November 16, 2026 5:30 am

छठ घाट पर मंडराया मगरमच्छों का खतरा, तालाब में दिखे तीन मगरमच्छ; श्रद्धालुओं में दहशत

उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचने वाली व्रती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, वन विभाग और पुलिस को दी गई सूचना

सोनभद्र। चुर्क क्षेत्र के बबुरी तालाब में रविवार सुबह तीन छोटे-बड़े मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। छठ महापर्व के बीच तालाब में मगरमच्छों की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में दहशत व्याप्त हो गई। सबसे अधिक चिंता छठ व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर है, क्योंकि इसी तालाब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंचने वाले हैं। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने बबुरी छठ तालाब में तीन मगरमच्छों को देखा। इनमें छोटे और बड़े आकार के मगरमच्छ शामिल बताए जा रहे हैं। देखते ही देखते यह खबर आसपास के क्षेत्रों में फैल गई और तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। तालाब में मगरमच्छों की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बन गया।गौरतलब है कि छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए जलाशयों और तालाबों में उतरकर पूजा-अर्चना करती हैं। बबुरी तालाब में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मगरमच्छों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना तत्काल वन विभाग और चुर्क पुलिस चौकी को दे दी है। लोगों को अब वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि श्रद्धालुओं के तालाब में उतरने से पहले मगरमच्छों की मौजूदगी की पुष्टि कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। साथ ही तालाब के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को सतर्क किया जाए। छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की आस्था तालाबों और जलाशयों से जुड़ी होती है। ऐसे में बबुरी तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी की सूचना को गंभीरता से लेने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग और पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले प्रभावी कदम उठाया जा सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!