डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर संपन्न हुआ छठ महापर्व, जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठे घाट; मारकुंडी, सलखन, गुरमा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सोनभद्र। सूर्योपासना, अटूट श्रद्धा और लोक आस्था का अनुपम संगम चार दिवसीय छठ महापर्व पूरे सोनभद्र जनपद में पारंपरिक हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। छठी मइया की भक्ति में पूरा जनपद सराबोर नजर आया। मारकुंडी स्थित पावन घाघर नदी के घाट से लेकर अवई, सलखन, गुरमा, मीना बाजार, करगरा मोड़, केवटा और रजधन सहित विभिन्न क्षेत्रों के नदी घाटों एवं जलाशयों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। विशेष रूप से घाघर नदी के घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। चारों ओर छठी मइया के जयकारे गूंजते रहे और पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। नहाय-खाय और खरना की पवित्र परंपराओं के साथ शुरू हुए इस महापर्व में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की आराधना की। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की। इसके बाद सोमवार की भोर में उदीयमान सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन हुआ।
छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट, दीपों की रोशनी से जगमगाया माहौल
महापर्व को लेकर घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। सिर पर फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और पूजन सामग्री से सजे दउरा-सूप लेकर घाटों की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं का दृश्य देखते ही बन रहा था। महिलाओं की टोलियां पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से छठी मइया की महिमा का गुणगान करती नजर आईं। गन्ने से बने आकर्षक मंडप, दीपों की जगमगाहट और पारंपरिक मंगल गीतों ने घाटों को अलौकिक छटा प्रदान की।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान व्रतियों ने नदी और जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भोर होते ही एक बार फिर घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा।
सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पूजा समितियों और प्रशासन की ओर से घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन भी पूरे पर्व के दौरान सतर्क नजर आया। चोपन थाना निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता तथा गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और विभिन्न छठ घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पुलिस की सक्रियता और स्थानीय पूजा समितियों के सहयोग से पूरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी। छठ महापर्व एक बार फिर सोनभद्र की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत, सामाजिक एकता और धार्मिक समरसता की खूबसूरत तस्वीर पेश कर गया। श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण के साथ व्रतियों ने छठी मइया से परिवार और समाज के मंगल की कामना की।
Author: Pramod Gupta
Hello









