November 16, 2026 5:44 am

चार दिन बाद खदान के गहरे पानी में मिला तीन वर्षीय मासूम विशाल का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

घर में सोते समय रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ था लापता, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया शव; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा नगर में तीन वर्षीय मासूम विशाल की गुमशुदगी का मामला रविवार को उस समय दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब चार दिन बाद उसका शव पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के गहरे पानी से बरामद हुआ। मासूम का शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस बच्चे की सकुशल वापसी के लिए परिजन और ग्रामीण लगातार दुआएं कर रहे थे, उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के गुरमा नगर स्थित वार्ड नंबर-09 की आदिवासी बस्ती निवासी राम सिंह का तीन वर्षीय पुत्र विशाल बुधवार की रात घर में सोते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला तो उसकी मां मंजू देवी ने गुरमा पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और बच्चे की तलाश की गुहार लगाई। मासूम के अचानक गायब होने से बस्ती में हड़कंप मच गया था। परिजन लगातार उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए चोपन थाना पुलिस और गुरमा चौकी पुलिस ने तलाश तेज कर दी। दो दिनों तक सघन छानबीन और लगातार प्रयास के बाद रविवार की सुबह पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के काला पानी क्षेत्र में गहरे पानी से मासूम का शव बरामद किया। शव आदिवासी बस्ती से कुछ ही दूरी पर मिला। शव बरामद होते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव बरामदगी के दौरान चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता और गुरमा पुलिस चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, मासूम की मौत के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। तीन वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गुरमा क्षेत्र में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!