November 16, 2026 5:44 am

जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और उत्थान के लिए मोदी सरकार ने किए अनेक प्रयास : डॉ. धर्मवीर तिवारी

सोनभद्र। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान, अधिकार और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार, आवास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनजातीय परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. तिवारी ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, जनजातीय छात्रवृत्ति योजना, वन धन विकास योजना तथा आजीविका एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। साथ ही वन उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में जनजातीय एवं वनवासी परिवारों के विकास के लिए आवास, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। वन अधिकार अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे उपलब्ध कराने तथा जनजातीय बच्चों को शिक्षा और छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास होने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से दुद्धी, बभनी, चोपन, नगवां, कोन सहित जनजातीय बहुल क्षेत्रों की बस्तियों के विकास पर जोर दिया। गोंड, खरवार, बैगा, पनिका, अगरिया, चेरो, परहिया एवं भुइयां समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों को नक्सलवाद से मुक्त कराने के साथ वहां विकास और सुरक्षा का वातावरण तैयार करना भी महत्वपूर्ण रहा है। अब इन क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी नियमित निगरानी हो, पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए और गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाई जाए। उन्होंने सोनभद्र में जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इस धनराशि से आदिवासी परिवारों के बच्चों को रोजगारपरक प्रशिक्षण, युवाओं को कौशल विकास के अवसर, जरूरतमंद परिवारों को आवास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य किया जा सकता है। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित संचालन बेहद आवश्यक है, ताकि दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले लोगों को उनके गांव के आसपास ही चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि सोनभद्र का कोई भी जनजातीय परिवार शिक्षा, सम्मान, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे तथा विकास की मुख्यधारा में उसकी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित हो।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!