November 16, 2026 5:44 am

हे सूरज देव बिसव करीं अरजि तोहारि…

व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य,सुख – समृद्धि के लिए की प्रार्थना
⁠घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठ मइया के गीतों से गुलजार रहे घाट
सोनभद्र। शाहगंज (ज्ञानदास कनौजिया) “हे सूरज देव बिसव करीं अरजि तोहारि” व “कांचहि बास के बहंगिया, बहँगी लचकत जाय ”आदि छठ मइया के गीतों से क्षेत्र के जलाशय रविवार की शाम गुलज़ार रहे। हर जगह आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ था। गाजे-बाजे के साथ व्रती महिलाएँ अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य चढ़ाने को ब्याकुल थी। जैसे ही संध्या सुन्दरी परी के समान अपने पांव बढ़ाने को उद्धत हुई एक साथ अस्त होते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सुख -समृद्धि तथा मंगल कल्याण के लिये प्रार्थना की ।कंधे पर ईख लिए सूप,दउरा में पूजन सामग्रियों संग लोग गाजे- बाजे के साथ सायंकाल चार बजे से ही जाने लगे थे घाटों की ओर। छठ मइया के गीत गाती महिलाएँ भाव-विभोर मुद्रा में दिखीं।कुछ व्रती महिलाएँ घर से घाट तक दण्डवत ज़मीन पर लेटकर सफ़र को पूरा किया। इस अवसर पर आतिशबाज़ी भी हुई। अर्घ्य के बाद व्रती महिलाएँ अपने-अपने वेदी पर गन्ने का मण्डप बनाकर उसके मध्य देशी घी के जलते हुए दीप को रखा । इसके साथ ही सूप, दउरा में पूजन सामग्री रखकर पूजन – अर्चन की। कहीं- कहीं व्रती महिलाएँ रात भर घाटों के किनारे बने पूजन स्थल पर ही जागरण मुद्रा में रहीं । छठ घाटों पर ग्राम प्रधान (प्रशासक) अथवा उत्साही लोगों द्वारा टेंट व प्रकाश की व्यवस्था की गई । स्थानीय क़स्बा सहित ढुटेर , उसरी, सहुआर, राजपुर, बरौली, ओडहथा, ओबराडीह,
कुसी निस्फ, खजूरी, गौरीशंकर आदि गाँवों में सूर्य षष्ठी पर आस्था उमड़ी पड़ी थी। व्रती महिलाओं ने घाटों पर जल में खड़े होकर पुत्र रत्न की प्राप्ति , सुहाग की रक्षा और मंगल कल्याण हेतु सूर्य को अर्घ्य देकर प्रार्थना किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।

पर्व के प्रति आस्था –

इसे आस्था नहीं तो क्या कहेंगे कि छत्तीस घण्टे का कठिन व्रत महिलाएं हँसते-हँसते कर लेती हैं। और तो और आस्था का ही असर है कि सबेरे उठने में ना कूर करने वाले बच्चे-बड़े सभी छठ के मौके पर सुबह उठ जाते हैं घाट जाने के लिए। अन्य लोगों में भी इस महापर्व के प्रति आस्था रहती है। देखने के लिए पहुंचते हैं घाट पर।

लोगों में दिखा उत्साह-

डाला छठ ऐसा पर्व है जिसकी अनुभूति पूरा परिवार व आस-पड़ोस करता है। इस पर्व में सभी अपने-अपने स्तर से योगदान देते हैं। नाते-रिश्तेदार भी इसमें सहयोग करते हैं। यानी समरसता का पर्व है यह। यही आज देखने को मिला। सभी उत्साह पूर्वक अपना सहयोग दिया। छठी मइया के गीत गाते वक्त महिलाएं उत्साहित नजर आ रही थीं। माँ की महिमा की इस गीत को सुनकर अन्य लोग भी अपने गीत गुनगुनाने से नहीं रोक पाये।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!