हादसे के बाद अचेत हुआ बच्चा, लाइफ केयर ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर
सोनभद्र। विद्यालय में छोटे बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक दर्दनाक हादसे ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी ओबरी निवासी सात वर्षीय मासूम अथर्व देव पाण्डेय शनिवार को विद्यालय परिसर में हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि कुछ बच्चों द्वारा दरवाजा बंद किए जाने के दौरान उसकी एक उंगली कटकर बुरी तरह जख्मी हो गई। घटना के बाद मासूम अचेत हो गया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए निजी साधन से लाइफ केयर ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अथर्व देव पाण्डेय रॉबर्ट्सगंज स्थित सनबीन बिच्छी विद्यालय में पढ़ता है। शनिवार को विद्यालय में कुछ बच्चों की कथित शरारत के दौरान दरवाजा बंद किए जाने से उसकी उंगली गंभीर रूप से कट गई। अचानक हुए इस हादसे से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मासूम की गंभीर हालत देखकर परिजनों में चिंता और बेचैनी बढ़ गई। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। उनका सवाल है कि आखिर विद्यालय परिसर में छोटे बच्चों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी किसकी है? जब बच्चे विद्यालय में पढ़ाई और सुरक्षित माहौल की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, तो वहां उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों की भी होती है। ऐसे में दरवाजा बंद होने के दौरान इस तरह का गंभीर हादसा होना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इस घटना ने अन्य अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है। सवाल उठ रहे हैं कि विद्यालय में छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं? कक्षाओं, दरवाजों, बाथरूम और अन्य स्थानों पर बच्चों की गतिविधियों की निगरानी किस प्रकार की जाती है? हादसे के वास्तविक कारणों और उस समय मौजूद शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मासूम के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की जवाबदेही कौन तय करेगा? विद्यालय प्रबंधन घटना की पूरी सच्चाई सामने लाकर सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करेगा या फिर बच्चों की सुरक्षा का यह गंभीर सवाल जवाब के इंतजार में ही रह जाएगा?
Author: Pramod Gupta
Hello









