सोनभद्र (बीजपुर) सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बीजपुर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के विभिन्न घाटों और पूजा स्थलों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था, टेंट सहित सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। क्षेत्र के मां दुद्धईया मंदिर परिसर स्थित छठ घाट पर भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों और पूजा समितियों के सहयोग से घाट को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर व्रती महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखा। शाम को परंपरागत विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद गुड़ से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। अब सभी व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में हैं। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं और पूरा क्षेत्र छठमय हो गया है। छठ पर्व को लेकर क्षेत्र में लोगों की गहरी आस्था और सेवा भावना देखने को मिल रही है। घाटों पर की गई व्यवस्थाओं में स्थानीय लोगों और पूजा समितियों का सराहनीय योगदान रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









