November 15, 2026 5:46 am

अवैध खनन और परिवहन से खड़ी की करोड़ों की सल्तनत, पुलिस ने कुर्क की 4.18 करोड़ की संपत्ति

गिट्टी-बालू के अवैध कारोबार पर गैंगस्टर एक्ट का बड़ा प्रहार, तीन आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों पर प्रशासन ने जड़ा कुर्की का शिकंजा

सोनभद्र। गिट्टी और बालू के अवैध कारोबार से करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले तीन आरोपियों पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। अवैध खनिज परिवहन से अर्जित धनराशि से खरीदी गई 4 करोड़ 18 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया। शनिवार को जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनिज परिवहन के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने यह कार्रवाई की। तीनों आरोपी बिना वैध परमिट के गिट्टी एवं बालू का अवैध परिवहन कर आपराधिक गतिविधियों से धन अर्जित कर रहे थे। इसी कमाई से आरोपियों ने अपने और परिजनों के नाम पर अलग-अलग गांवों में जमीन, मकान और वाहन खरीदे थे। जांच के दौरान इन संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्की की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई थी। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 14(1) के तहत जारी आदेशों के अनुपालन में 14 नवंबर 2026 को संपत्तियां कुर्क की गईं। इस कार्रवाई में आरिफ खान, अखिलेश उर्फ धीरज केशरी और छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव की संपत्तियां शामिल हैं।आरिफ खान पुत्र निजामुद्दीन निवासी परही थाना रॉबर्ट्सगंज की करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें उरमौरा स्थित आवासीय भूखंड और दो ट्रक शामिल हैं। वहीं, अखिलेश उर्फ धीरज केशरी पुत्र संजय केशरी निवासी वैनी थाना रायपुर की करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें उसकी माता कुसुम देवी और पिता संजय केशरी के नाम पर विभिन्न गांवों में खरीदी गई जमीनें एवं आवासीय भूखंड शामिल हैं। तीसरे आरोपी छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव पुत्र संकठा प्रसाद यादव निवासी मारकुंडी की करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई। इसमें ग्राम बेलकप में उसकी माता हंसा देवी और पिता संकठा प्रसाद यादव के नाम पर दर्ज विभिन्न भूखंड शामिल हैं। तीनों आरोपियों की संपत्तियों का वर्तमान मूल्यांकन इस प्रकार है। आरिफ खान की 1.43 करोड़, अखिलेश उर्फ धीरज केशरी की 1.25 करोड़ तथा छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव की 1.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। इस तरह कुल 4 करोड़ 18 लाख रुपये की संपत्ति प्रशासन ने अपने कुर्की आदेश के तहत कार्रवाई की जद में ले ली। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरिफ खान के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं, तीनों आरोपियों के नाम गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अवैध खनिज कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध राजेश यादव तथा महिला थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक टीम शामिल रही।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!