सुरक्षित घाटों पर ही करें पूजा-अर्चना, बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
सोनभद्र। छठ महापर्व के मद्देनजर जनपद के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों, सरोवरों एवं अन्य जलाशयों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आस्था और श्रद्धा के इस महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। जिलाधिकारी ने आगाह किया कि घाटों पर अत्यधिक भीड़ के कारण डूबने, फिसलने, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत दुर्घटना एवं अग्निकांड जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में श्रद्धालु केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित, निर्जन, असुरक्षित एवं अधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचें। नदी में उतरते समय पानी की गहराई, बहाव और जलस्तर का विशेष ध्यान रखें तथा निर्धारित सुरक्षित सीमा का उल्लंघन न करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धक्का-मुक्की और अनावश्यक दौड़भाग से बचने की अपील की। बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के प्रति विशेष सावधानी बरतने को कहा। बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें और उनका हाथ पकड़कर रखें।
नाव की सवारी में लापरवाही पड़ सकती है भारी
जिलाधिकारी ने नाव से यात्रा करने वालों को विशेष रूप से सतर्क करते हुए कहा कि केवल अधिकृत नावों का ही उपयोग करें। नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं और प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट का उपयोग सुनिश्चित करें। नाव के किनारों पर खड़े होकर यात्रा करने तथा अनावश्यक हलचल करने से बचें। नाविक भी निर्धारित क्षेत्र में ही नावों का संचालन करें और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें।
बिजली और आग से भी रहें सावधान
घाटों पर विद्युत पोल, खुले तारों, जनरेटर एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। दीपक एवं अन्य पूजा सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षित स्थान पर करें। घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पटाखों, आतिशबाजी एवं ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करें। किसी भी प्रकार की विद्युत अथवा अग्नि दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
अफवाहों से बचें, दुर्घटना होने पर खुद न उठाएं जोखिम
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे प्रसारित करें। यदि कोई व्यक्ति पानी में डूबता दिखाई दे तो स्वयं जोखिम उठाकर पानी में न उतरें, बल्कि तत्काल मौके पर मौजूद पुलिस, जल पुलिस अथवा प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें। भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित निकास मार्ग से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।
आयोजकों और नाविकों से भी मांगा सहयोग
जिलाधिकारी ने घाटों पर पूजा आयोजन करने वाले आयोजकों एवं नाविकों से सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। आयोजक आवागमन एवं निकास के रास्तों को अवरुद्ध न होने दें तथा भीड़ नियंत्रण में सहयोग करें। अस्थायी विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रखें और खुले तारों एवं असुरक्षित कनेक्शनों को तत्काल दुरुस्त कराएं। घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बचाव दल के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक, पॉलीथिन, कूड़ा-कचरा और पूजा सामग्री जलाशयों में न फेंकने की भी अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व को श्रद्धा, उल्लास, स्वच्छता, अनुशासन एवं सुरक्षा के साथ मनाएं। स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार सहित आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जनहित में अपील जारी करते हुए संदेश दिया है कि ‘आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। सुरक्षित छठ, सुरक्षित।’
Author: Pramod Gupta
Hello









