ड्रॉइंग, सिंगिंग और डांसिंग प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर, आंगनबाड़ी के नौनिहालों को स्लेट, चॉक व कुर्सियां वितरित
सोनभद्र। बाल दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज ‘आर्या’ की ओर से बच्चों की प्रतिभा निखारने और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए ड्रॉइंग, सिंगिंग और डांसिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही उन्हें मिठाइयां एवं आकर्षक उपहार वितरित किए गए। वहीं, शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा देने की पहल के तहत आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को स्लेट, चॉक एवं कुर्सियां प्रदान की गईं। क्लब की इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ऋतु अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष वंदना वर्मा, उपाध्यक्ष पूजा अग्रहरि, कोषाध्यक्ष परनीता सिंह, शिल्पी केसरी, जसप्रीत कौर एवं अंकिता केजरीवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, उनकी प्रतिभाओं और बेहतर भविष्य को संवारने का संकल्प लेने का दिन है। इनरव्हील क्लब ‘आर्या’ का उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना, उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









