पीवीसी प्लास्टिक के सामान से भरे कमरे में भड़की आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू; दुकान से बाहर निकाला गया सामान
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में महिला थाने के सामने शुक्रवार की शाम करीब चार बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में रखे पीवीसी प्लास्टिक के सामान ने आग पकड़ ली, जिससे देखते ही देखते घना काला धुआं पूरी इमारत में फैल गया। धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार अवधेश चौबे के दो मंजिला मकान के निचले हिस्से के अगले भाग में मनोज जायसवाल की जूता-चप्पल की दुकान संचालित होती है। दुकान के पीछे बने एक कमरे को दूसरे दुकानदार ने किराये पर लेकर गोदाम बना रखा था। इसमें पीवीसी प्लास्टिक के सामान रखे हुए थे। मनोज जायसवाल के पुत्र दीपक ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब चार बजे गोदाम के पीछे बने कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब कमरे के पास जाकर देखा गया तो अंदर से घना काला धुआं निकल रहा था। आसपास के लोगों को सूचना देने के बाद जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला गया, अंदर से धुएं के साथ आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया। आग और धुएं का असर जूता-चप्पल की दुकान तक पहुंचने लगा तो दुकानदार और स्थानीय लोग तत्काल सामान बाहर निकालने में जुट गए। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के सामने उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस टीम ने यातायात रोककर अग्निशमन कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग दिया। आग बुझने के बाद यातायात दोबारा बहाल कराया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। गोदाम में रखे सामान और जूता-चप्पल की दुकान में हुए नुकसान का भी तत्काल आकलन नहीं हो पाया था। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और अग्निकांड के बीच कोई जनहानि की सूचना सामने नहीं आई।
Author: Pramod Gupta
Hello









