कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की भी उठाई मांग
सोनभद्र। कृषि श्रेणी की भूमि पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित किए जाने का मामला एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र नगर इकाई ने शुक्रवार को नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज से मुलाकात कर श्रद्धा सबूरी ढाबा को बंद कराने की मांग उठाई। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने पुनः ज्ञापन सौंपते हुए नगर क्षेत्र में कृषि भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन कराए बिना संचालित हो रहे अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच कराने की मांग की। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि इस मामले को लेकर पूर्व में 3 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। कार्यकर्ताओं ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कृषि श्रेणी की भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर क्षेत्र के अन्य ऐसे प्रतिष्ठानों को भी जांच के दायरे में लाया जाए, जो बिना भूमि का वाणिज्यिक उपयोग परिवर्तन कराए कारोबार कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की तो आगामी सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि बार-बार उठ रहे इस मुद्दे पर प्रशासन जांच और कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाता है। इस दौरान जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय, राकेश सोनी, अजय श्रीवास्तव, नीरज विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









