November 14, 2026 5:54 am

छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, 188 प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

मगरमच्छ की आशंका वाले घाटों पर विशेष सतर्कता, सीसीटीवी और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश

सोनभद्र। आगामी 14 एवं 15 नवंबर को मनाए जाने वाले डाला छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ घाटों की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी तैयारियों तक सीमित न रहने, बल्कि स्वयं घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलवार चिह्नित छठ घाटों की जानकारी दी गई। इसके अनुसार ओबरा तहसील में 60, दुद्धी में 65, रॉबर्ट्सगंज में 33 तथा घोरावल में 30 प्रमुख घाट चिह्नित किए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 188 प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग और श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति परखने के निर्देश दिए। ओबरा क्षेत्र में रेणु और सोन नदी के घाटों पर विशेष टीम गठित कर निरीक्षण कराने तथा आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा गया। वहीं, घोरावल क्षेत्र के उन पोखरों, नदियों और जलाशयों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, जहां मगरमच्छ की मौजूदगी की आशंका रहती है। ऐसे स्थानों पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त जाल और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा गया। प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा, रेनुकूट एवं कैमूर वन्यजीव प्रभाग को भी अपने क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घाटों पर सफाई, रोशनी तथा आवागमन के रास्तों को दुरुस्त कराने को कहा। साथ ही पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और अवांछित तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी निभाएं और घाटों पर मिलने वाली खामियों को तत्काल दूर कराएं, जिससे लोक आस्था का महापर्व डाला छठ जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न हो सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!