November 13, 2026 5:31 am

सीएससी आईडी का खेल कर लाखों की साइबर ठगी, दो गिरफ्तार

जनसेवा केंद्रों की निष्क्रिय आईडी को करते थे एक्टिव, संचालकों के पासवर्ड बदलकर साइबर अपराधियों को बेचते थे आईडी

सोनभद्र। जनसेवा केंद्रों की सीएससी (CSC) आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जनसेवा केंद्रों की निष्क्रिय आईडी को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल कर लिए जाते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर इन आईडी को साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था। इतना ही नहीं, दूसरे लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी सीएससी आईडी भी तैयार की जाती थीं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र की टीम ने मु0अ0सं0 13/2026, धारा 318(4) एवं 66(D) से संबंधित मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि जनसेवा केंद्रों से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय निष्क्रिय सीएससी आईडी को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर केंद्र संचालकों से उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित आईडी साइबर अपराधियों को सौंप दी जाती थी। इसके अलावा अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई सीएससी आईडी बनवाई जाती थी। उनका सत्यापन कराकर सक्रिय किया जाता और फिर साइबर ठगी में इस्तेमाल करने के लिए अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस जांच में विशाल पटेल निवासी सुकृत, थाना रॉबर्ट्सगंज के दस्तावेजों के दुरुपयोग का मामला भी सामने आया। विशाल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे, लेकिन उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर सीएससी आईडी तैयार कर उसका सत्यापन करा दिया गया। इसी तरह सुशील कुमार नामक छात्र के नाम पर भी आईडी बनाकर उसका दुरुपयोग किया गया। वहीं कन्हरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर और सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केंद्रों की ऑपरेटर आईडी के माध्यम से भी साइबर धोखाधड़ी किए जाने की बात जांच में सामने आई है। पीड़ित विशाल पटेल ने पुलिस को बताया कि गलत सत्यापन और उनकी सीएससी आईडी के आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने के कारण गुजरात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें जमानत भी करानी पड़ी। पीड़ित की आपबीती सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले में कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर थाना चुनार जनपद मिर्जापुर तथा अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड निवासी नवापुरा थाना सारनाथ जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव तथा कांस्टेबल सुनील रावत शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!