November 13, 2026 5:31 am

वृद्धाश्रम में तीन दिवसीय ध्यान योग शिविर का आयोजन, हृदय से जुड़कर आंतरिक शांति का दिया संदेश

हार्टफुलनेस टीम ने सिखाई ध्यान, आंतरिक शुद्धिकरण और प्रार्थना की विधि

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक अंतर्गत छपका स्थित वृद्धाश्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की पहल पर हार्टफुलनेस ऑर्गनाइजेशन की सोनभद्र टीम द्वारा तीन दिवसीय ध्यान योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रतिभागियों को ध्यान, आंतरिक शुद्धिकरण और प्रार्थना के माध्यम से स्वयं से जुड़ने की विधियां सिखाई गईं। हार्टफुलनेस डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर एवं ट्रेनर गोपाल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने हृदय पर ध्यान केंद्रित कर हम हर पल सजग और जागरूक रह सकते हैं। जीवन में सतर्क रहना हमारा परम धर्म है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 18 के श्लोक 61 और अध्याय 15 के श्लोक 15 का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं को प्रत्येक प्राणी के हृदय में विराजमान बताया है। ईश्वर को अंतर्यामी कहा जाता है, अर्थात वह हमारे भीतर ही विद्यमान हैं। इसलिए ईश्वर को बाहर खोजने के बजाय अपने भीतर अनुभव करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने महाभारत के यक्ष-युधिष्ठिर संवाद का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि धर्मराज युधिष्ठिर ने धर्म का सार ‘अप्रमाद’ बताया था। अप्रमाद का अर्थ सावधानी, सतर्कता और जागरूकता है। अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करना ही इसका वास्तविक अर्थ है। शिविर के दूसरे सत्र में प्रतिभागियों को आंतरिक शुद्धिकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया, जबकि अंतिम सत्र में हार्टफुलनेस प्रार्थना के माध्यम से अपने आंतरिक स्व से जुड़ने की विधि सिखाई गई। इस अवसर पर हार्टफुलनेस वॉलंटियर्स डॉ. वैभव शर्मा, आचार्य नीलेश शर्मा, जगदीश बाबू, श्वेता वर्मा, सविता देवी एवं कंचन लता ने प्रतिभागियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव के साथ तीन दिवसीय शिविर का समापन हुआ।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!