November 12, 2026 6:31 pm

छठ घाट पर सफाई का ढोल, नहर में बह रहा गंदगी का घोल

दो साल से नाली का गंदा पानी नहर में बहाने का आरोप, छठ महापर्व से पहले नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

सोनभद्र। छठ महापर्व को लेकर नगर पालिका परिषद सोनभद्र जगह-जगह साफ-सफाई अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का संदेश दे रही है। घाटों और मोहल्लों में सफाई का दौर जारी है, लेकिन घुवास खुर्द मोहल्ले के वार्ड नंबर-9 में नगर पालिका की इस चमकती तस्वीर के पीछे गंदगी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो छठ की तैयारियों पर ही सवाल खड़े कर रही है। एक तरफ सफाई अभियान का दावा है तो दूसरी तरफ शाहगंज राजवाड़ा की ओर जाने वाली नहर में घुवास खुर्द पुलिया के पास लगातार नगर का गंदा पानी बहाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब नहर को ही नाली बना दिया गया है, तो स्वच्छ जल में छठ पूजा कराने की तैयारी आखिर किस भरोसे हो रही है?स्थानीय निवासी भारत भारती का आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से नाली का गंदा पानी लगातार नहर में गिराया जा रहा है। नतीजा यह है कि नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है और आसपास गंदगी के साथ बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। अब छठ महापर्व सिर पर है, ऐसे में व्रती महिलाएं इसी दूषित पानी के बीच पूजा-अर्चना करने को मजबूर होंगी या फिर प्रशासन कोई वैकल्पिक व्यवस्था करेगा, यह बड़ा सवाल है। विडंबना देखिए कि जिस नहर के पानी से खेती-किसानी को सहारा मिलना चाहिए, उसी में गंदा पानी बहाकर उसे प्रदूषण की भेंट चढ़ाने का आरोप लग रहा है। इससे खेती पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासी नंदलाल का कहना है कि समस्या करीब दो वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सवाल यह भी है कि जब समस्या इतनी पुरानी है तो जिम्मेदारों की नजर अब तक इस पर क्यों नहीं पड़ी? छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर साफ-सफाई केवल झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने और फोटो खिंचवाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। पूजा घाट तक पहुंचने वाला पानी भी स्वच्छ होना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नहर में गंदा पानी गिराने पर तत्काल रोक लगाई जाए और नाली के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को दूषित पानी के बीच पूजा करने की नौबत न आए। अंशु, तेजू, यादव, गोलू, विनय, बबीता, सुरेश, रमाकांत, मोहन, आशा, विनोद और मनोज सहित अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल नगर पालिका प्रशासन से है कि छठ पर सफाई अभियान की तस्वीरें चमकेंगी या घुवास खुर्द की नहर से गंदगी भी हटेगी? क्योंकि आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं को स्वच्छ पानी चाहिए, सफाई के दावों का आश्वासन नहीं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!