November 11, 2026 6:36 pm

छठ पूजा पर आस्था का सवाल: नहर में बह रही गंदगी, जिम्मेदार विभागों की व्यवस्था पानी-पानी

शहर का गंदा पानी शाहगंज रजबहा में गिराकर श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़! वर्षों से अधूरा नाला, शिकायतों का भी नहीं हुआ असर; इसी दूषित पानी से किसान उगा रहे सब्जियां

सोनभद्र। एक तरफ छठ महापर्व को लेकर नदी, तालाबों और नहरों के घाटों को चमकाने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी तरफ रॉबर्ट्सगंज नगर के उत्तर दिशा में स्थित शाहगंज रजबहा में शहर की गंदगी खुलेआम बहाई जा रही है। घाटों पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन जिस पानी में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे, उसकी शुद्धता की चिंता शायद जिम्मेदार विभागों की प्राथमिकता में शामिल नहीं है। सवाल यह है कि जब नगर का गंदा पानी ही नहर में उड़ेला जा रहा है तो घाटों की सफाई का दिखावा आखिर किसके लिए? हैरानी की बात यह है कि यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि वर्षों से बनी हुई है। नगर के जलनिकासी के लिए कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है। योजना के मुताबिक शहर का गंदा पानी हिंदुआरी की ओर निकाला जाना था, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। नतीजा यह है कि चंडी होटल के रास्ते बहने वाला नगर का गंदा पानी शाहगंज रजबहा में पहुंच रहा है। यानी नाला पूरा नहीं हुआ और गंदगी का रास्ता जरूर खुला रह गया। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने बताया कि नहर किनारे कई स्थानों पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग छठ पूजा करते हैं। पिछले कई वर्षों से लगातार गंदा पानी गिरने के कारण नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दूषित पानी में खड़े होकर पूजा-अर्चना करने की चिंता सता रही है। एक ओर आस्था के इस महापर्व को स्वच्छता से जोड़कर देखा जाता है, दूसरी ओर व्यवस्था ऐसी है कि श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने से पहले पानी की स्वच्छता पर सवाल उठाना पड़ रहा है।

नहर में गंदगी, खेतों तक पहुंच रहा प्रदूषण का प्रसाद!

मामला केवल छठ पूजा तक सीमित नहीं है। मानपुर समेत आसपास के कई गांवों के किसान इसी नहर के पानी से सब्जियों की खेती करते हैं। कुछ किसान इसी पानी से सब्जियों की धुलाई भी करते हैं। नहर में कूड़ा और प्लास्टिक जमा होने के साथ गंदे पानी का बहाव किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। गंदे पानी के जमाव से मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। प्रभावित किसान पिंटू यादव, गुड्डू प्रजापति, बिहारी चौहान और बब्बू पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। किसानों का सवाल है कि जिस पानी से फसलें सींची जा रही हैं, उसी पानी की गुणवत्ता की जांच और सफाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

शिकायतों की फाइलें चलती रहीं, नाले का काम नहीं चला!

भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह के मुताबिक नहर में गंदा पानी गिरने की शिकायत सिंचाई विभाग और नगर पालिका में कई बार की जा चुकी है। सिंचाई बंधु की बैठकों में भी यह मुद्दा लगातार उठाया गया, लेकिन नतीजा आज तक सिफर है। ऐसा प्रतीत होता है कि विभागों के बीच जिम्मेदारी एक-दूसरे की ओर सरकती रही और नहर में गंदगी का बहाव अपनी रफ्तार से जारी रहा। अब छठ पूजा सिर पर है तो एक बार फिर सफाई और स्वच्छता की मांग तेज हो गई है। राम बहादुर सिंह ने संबंधित विभागों से छठ पूजा से पहले गंदे पानी का बहाव रोकने, नहर में जमा कूड़ा और प्लास्टिक हटाने तथा स्वच्छ जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

अधिकारियों के जवाब में भी अधूरापन!

नगर पालिका और सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नाला निर्माण का कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है। वहीं सीएंडडीएस के जेई से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। ऐसे में निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति और इसके पूरा होने की समयसीमा स्पष्ट नहीं हो सकी। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या छठ पूजा से पहले नहर में गंदे पानी का बहाव रोका जाएगा या इस बार भी श्रद्धालुओं को दूषित पानी के बीच ही आस्था का अर्घ्य देना पड़ेगा? क्या किसानों को राहत मिलेगी या फिर शिकायतों का सिलसिला अगले छठ तक चलता रहेगा? विडंबना देखिए, घाटों को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान चल रहा है और उसी घाट तक पहुंचने वाले पानी को गंदा करने वाली व्यवस्था वर्षों से अधूरी पड़ी है। आखिर स्वच्छता का संदेश देने से पहले गंदगी का स्रोत बंद करना भी किसी की जिम्मेदारी है या नहीं?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!