भाजपा नेत्री की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश शुरू
सोनभद्र। दीपावली का त्योहार जहां खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, वहीं कुछ लोग इस मौके पर कानून और सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिन्दुआरी चौकी अंतर्गत पिपरा गांव में दीपावली पर आयोजित काली पूजा के दौरान कथित तौर पर 312 बोर की दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया स्टोरी पर साझा किए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। मिली जानकारी के अनुसार दीपावली के अवसर पर पिपरा गांव में काली पूजा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान एक युवक द्वारा कथित तौर पर दोनाली बंदूक से फायरिंग की गई। युवक ने इसका वीडियो भी बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर स्टोरी के रूप में साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जिस बंदूक से फायरिंग की गई, उसका लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है, जबकि वीडियो में कथित तौर पर कोई दूसरा व्यक्ति फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। यदि जांच में इसकी पुष्टि होती है तो यह लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला हो सकता है। इस प्रकरण को लेकर एक भाजपा नेत्री ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत और वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









