उत्साह के साथ मनायी जा रही दीपावली, पूजे जा रहे लक्ष्मी-गणेश, सजायी गयी है रंगोलियां, बच्चे छोड़ रहे फूलझड़ियां, गूंज रही पटाखों की आवाज
सोनभद्र। शाहगंज (ज्ञानदास कनौजिया) दीपों का पर्व दीपावली आज रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनायी गई। शाम ढलते ही समूचा इलाका रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। कहीं रंग-बिरंगी विद्युत झालरें, कहीं मोमबत्ती तो कहीं मिट्टी के दीयों की स्याह सी झिलमिल रोशनी सतरंगी छटा बिखेर रही है। मानो आसमान से तारें धरती पर उत्तर आये हों। घरों एवं देवालयों को दीपमालाओं से सजाया गया है। आकर्षक रंगोलियां भी सजायी गयी है। सांझ होते ही लोग देवालयों की ओर थाली में देशी घी से भरे मिट्टी के दीयों को रखकर दीपदान के लिए जाते देखे गये, जहाँ लोगों ने जलते हुए मिट्टी के दीये को रखा और अगरबत्ती लगा पूजन-अर्चन भी किया। पटाखों की आवाज चहुँओर बमबारी की तरह गूंज रही है। बच्चे भी फूलझड़ियां छोड़ते वक्त खुश नजर आ रहे हैं। इनका मन दीपकोत्सव को लेकर काफी प्रफुल्लित है। कुछ लोग लक्ष्मी-गणेश की सविधि पूजन-अर्चन जहाँ सम्पन्न कर चुके हैं वहीं, तमाम लोग इनकी पूजा-अर्चन करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा के मद्देनजर मुस्तैद है। समाचार लिखे जाने तक इस अवसर पर अभी तक किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली थी।
Author: Pramod Gupta
Hello









