पिकअप से 369 लीटर देशी शराब बरामद, शराब व वाहन समेत 3.97 लाख रुपये का माल जब्त
सोनभद्र। मांची थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से पिकअप वाहन में लदी 1845 फ्रूटी पाउच (कुल 369 लीटर) ब्लू लाइन देशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1.47 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पिकअप वाहन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। शराब और वाहन समेत कुल 3.97 लाख रुपये का माल बरामद किया गया। सात नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे ग्राम चिचलिक के पास चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। इसमें भारी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। मौके से रवि रंजन मेहता निवासी जिला गढ़वा (झारखंड), वर्तमान पता रोहतास (बिहार), सौरभ कुमार निवासी रोहतास (बिहार) और विष्णु कुशवाहा निवासी पन्नूगंज सोनभद्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आसपास के क्षेत्रों से फुटकर में शराब खरीदकर एकत्र करते थे और फिर उसे बिहार ले जाकर दोगुने दाम पर बेचते थे। इससे वे मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मांची थाने में मुकदमा अपराध संख्या 61/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, उपनिरीक्षक राजनाथ सिंह यादव, हेड कांस्टेबल राधेश्याम सिंह यादव और हेड कांस्टेबल श्यामलाल शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









