बैरपान में भीषण सड़क हादसा, कोयले के नीचे दबे बाइक सवारों को निकालने में छूटी पुलिस की मशक्कत, चालक की केबिन में फंसकर गई जान
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बैरपान के पास शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। कोयला लदा एक अनियंत्रित ट्रेलर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों समेत कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार कोयला लदा ट्रेलर वाराणसी की ओर जा रहा था। बैरपान के पास अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान बस के पीछे बाइक से जा रहे दो युवक ट्रेलर से गिरे कोयले के नीचे दब गए, जबकि ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद कोयले में दबे बाइक सवारों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। वहीं, केबिन में फंसे ट्रेलर चालक को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल (22) पुत्र बखीरन, निवासी रामपहरी, ग्राम मकरा-सिंदूर, थाना पिपरी तथा ट्रेलर चालक मनोज यादव (45) पुत्र लालचंद यादव, निवासी भोपतपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रमाशंकर (19) पुत्र पन्ने, निवासी मनरहवां, थाना अनपरा, ईशान (20) पुत्र नंदलाल, निवासी सिंगरौली, राजन (19) पुत्र महादेव, निवासी लोझरा, आकाश यादव पुत्र सेवक यादव, निवासी आजमगढ़ तथा कशिश (18) पुत्री जयप्रकाश, निवासी सिंगरौली के नाम शामिल हैं। रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









