सोनभद्र (दुद्धी) कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भट्टी मोड़ से आगे झारो खुर्द स्थित डुमरडीहा पावर हाउस के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे डीसीएम और टीपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो डीसीएम में जा घुसी। हादसे में डीसीएम चालक राजकुमार रावत (28), निवासी सिंगरौलिया, थाना बैढ़न की मौत हो गई, जबकि टीपर चालक नंदू (18), निवासी कोरगी डुमरा, थाना विंढमगंज घायल हो गया। बताया जाता है कि टीपर चालक काफी देर तक वाहन में फंसा रहा। सूचना पर पहुंची 102 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार एवं हीरालाल ने घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहीं प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से वाहनों को अलग कराकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









