सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे से जुड़े तेलगुड़वा-हाथीनाला मार्ग पर राखड़ की ढुलाई से उड़ रही धूल से परेशान ग्रामीणों और राहगीरों ने मंगलवार दोपहर तेलगुड़वा चौराहे पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से सड़क पर जमा राखड़ को तत्काल हटवाने और राखड़ लदे वाहनों से सड़क पर राख गिरने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीजपुर, शक्तिनगर और रेणुकूट की ओर से आने वाले राखड़ लदे भारी वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क पर जगह-जगह राख गिर जाती है। सूखने के बाद यही राख वाहनों के गुजरने और हवा चलने से धूल के गुबार में तब्दील हो जाती है। कई स्थानों पर धूल इतनी अधिक उड़ती है कि सामने का रास्ता तक दिखाई देना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि धूल के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों में रखी खाद्य सामग्री पर राख की परत जम रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सामने का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सड़क पर जमा राखड़ की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों को पूरी तरह ढककर चलाने और परिवहन के दौरान सड़क पर राख न गिरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में तेलगुड़वा निवासी अशर्फीलाल, सोनू पासवान, गोलू जायसवाल, विकास कुमार, ओमप्रकाश, आरडी पासवान, कमलेश यादव, धीरू मोदनवाल, नीरज, रामू पासवान सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









