सोनभद्र। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को यूनिफार्म एवं साइकिल योजना का लाभ दिलाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय चयन समिति एवं क्रय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रावधानों, पात्रता मानकों और प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने बताया कि शासनादेश के अनुसार योजना के तहत प्रत्येक पात्र छात्रा को कुल 4,000 रुपये की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें यूनिफार्म के लिए 700 रुपये प्रति छात्रा की धनराशि सीधे छात्रा अथवा अभिभावक के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जबकि साइकिल के लिए 3,300 रुपये प्रति छात्रा की दर से जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित कर साइकिल खरीदी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत कक्षा छह की 60 प्रतिशत तथा कक्षा नौ और 11 की 20-20 प्रतिशत छात्राओं का चयन किया जाना निर्धारित है। पात्रता के लिए पिछली कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही अनावासीय छात्राओं को प्रत्येक पांच वर्ष के अंतराल पर एक लेडीज साइकिल उपलब्ध कराने का प्रावधान है।जिलाधिकारी ने बताया कि छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेखों एवं बैंक खातों का संबंधित विभागों द्वारा सत्यापन कराने के बाद कुल 1,635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कक्षा छह से 410, कक्षा नौ से 764 और कक्षा 11 से 461 आवेदन शामिल हैं। शासनादेश में निर्धारित चयन अनुपात के अनुसार कक्षा छह की 410 छात्राओं के सापेक्ष कक्षा नौ की 137 तथा कक्षा 11 की 137 छात्राओं को शामिल करते हुए कुल 684 छात्राओं का चयन प्रस्तावित किया गया है। चयनित सूची को जनपद स्तरीय चयन समिति से अनुमोदन मिलने के बाद धनराशि आवंटन के लिए मांग पत्र निदेशालय को भेजा जाएगा। धनराशि प्राप्त होने के बाद जेम पोर्टल के माध्यम से साइकिल खरीदने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं के चयन में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरती जाए। सभी अभिलेखों और पात्रता संबंधी विवरणों का समुचित सत्यापन कर शासनादेश के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी संबंधित कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









