November 3, 2026 11:12 pm

दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार, 2.54 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

सोनभद्र। दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को दो निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोनभद्र स्थित डीपीआरसी सेंटर में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख चोपन लीला गौड़, ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता तथा एआरओ पृथ्वीराज सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। दीपावली पर प्रदेश सरकार की ओर से दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा देना लाभार्थी परिवारों के लिए बड़ी राहत है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद सोनभद्र में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,54,745 लाभार्थी परिवार पंजीकृत हैं। सभी पात्र परिवारों को योजना के तहत दो गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और सुचारु तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस पहल के तहत 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार को दो गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी दी जाएगी। प्रत्येक सिलेंडर रिफिल पर कुल 1,026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित है, जिसमें राज्य सरकार का अंश 659.33 रुपये और केंद्र सरकार का अंश 366.67 रुपये है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित रसोई ईंधन उपलब्ध कराना और पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं तथा प्रदूषण से राहत दिलाना है। सरकार की इस पहल से महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ ही लाखों परिवारों को दीपावली पर आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!